म्योरपुर /पंकज सिंह

दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग जीत सिंह खरवार ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण तथा सिंचाई विभाग स्वतंत्र देव सिंह से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान राज्यमंत्री ने जनपद सोनभद्र की कनहर परियोजना के नहर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नहर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित ऐसे लोगों, जिन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, का पुनः सर्वे कराकर पात्र लोगों को शीघ्र मुआवजा दिलाने का आग्रह किया।
इसके साथ ही सोनभद्र में हर घर नल योजना से छूटे हुए टोलों एवं बस्तियों का सर्वे कराकर उन्हें योजना से जोड़ने तथा ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।










