पीछे से बाइक की चपेट में आने से मौके पर ही गई जान, दो बाइक सवार गंभीर घायल; दुद्धी सीएचसी में चल रहा इलाज

दुद्धी/सोनभद्र। जाबर रोड पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस दुद्धी में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुधीर पुत्र अशरफी अपने साथी दिलीप पुत्र सुरेश एवं अनुज, निवासी ग्राम पतरिहा थाना विंढमगंज, मोटरसाइकिल से ग्राम जावर आए थे। मंगलवार को जावर से वापस पतरिहा स्थित अपने घर लौटने के दौरान जावर रोड पर उनकी मोटरसाइकिल ने आगे जा रहे वीरेंद्र कुमार पुत्र डोमन प्रसाद (45 वर्ष), निवासी जाबर को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल सवार सुधीर कुमार और दिलीप कुमार को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को मर्चरी हाउस दुद्धी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की शांति व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है।










