तेजस्वी किसान मार्ट की मध्यप्रदेश स्तरीय ऑनलाइन संगोष्ठी में किसान उत्पादक संगठनों के व्यावसायिक भविष्य का खाका तैयार; पचास से अधिक कृषि उत्पाद बनाने वाली कंपनी ने भी सहयोग की इच्छा जताई

मध्यप्रदेश। किसान उत्पादक कंपनियों को केवल सरकारी योजनाओं और अनुदानों पर निर्भर रखने के बजाय उन्हें मजबूत, आत्मनिर्भर और सफल व्यावसायिक संस्थाओं के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजस्वी किसान मार्ट (तेजस्वी संगठन न्यास) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश के विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ राज्य स्तरीय ऑनलाइन संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का मार्गदर्शन ई. प्रकाश पाण्डेय, संस्थापक तेजस्वी संगठन न्यास ने किया।
संगोष्ठी में किसान उत्पादक कंपनियों की वास्तविक स्थिति, किसानों के बीच आपसी विश्वास की कमी, संचालक मंडल की निष्क्रियता, नियमित बैठकों का अभाव, कारोबार की कमजोर स्थिति तथा बाहरी सहयोग पर निर्भरता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
ई. प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि किसान उत्पादक कंपनियों को अपनी समस्याओं के लिए केवल सरकारी विभागों अथवा सहयोगी संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय अपनी आंतरिक व्यवस्था मजबूत करनी होगी। सक्रिय संचालक मंडल, नियमित बैठकें, पारदर्शिता, किसानों की भागीदारी और बाजार आधारित कारोबार ही किसी संस्था को आत्मनिर्भर बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक कंपनी का उद्देश्य केवल पंजीकृत संस्था बने रहना नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने वाली सफल व्यावसायिक संस्था बनना होना चाहिए। इसके लिए उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांड निर्माण, विपणन और वितरण तक किसानों की भागीदारी आवश्यक है।
पचास से अधिक कृषि उत्पाद बनाने वाली कंपनी ने दिखाई सहयोग में रुचि
कार्यक्रम में ऑर्गोनेक्स्ट लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक अखिलेश शुक्ला ने कंपनी एवं उसके कृषि उत्पादों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कंपनी पचास से अधिक प्रकार के कृषि उत्पादों का निर्माण करती है, जिनमें कीटनाशक, फफूंदनाशक एवं फसल सुरक्षा से संबंधित उत्पाद शामिल हैं। उन्होंने ‘ऑर्गोनेक्स्ट एक सूत्र’ सहित विभिन्न उत्पादों की विशेषताओं एवं उपयोग की जानकारी दी।
कंपनी की ओर से इच्छुक किसान उत्पादक संगठनों को उत्पाद संबंधी प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं व्यावसायिक सहयोग उपलब्ध कराने की इच्छा व्यक्त की गई। इससे किसान उत्पादक संगठनों के लिए कृषि उत्पादों के वितरण एवं कारोबार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
उद्यम पंजीयन एवं नई व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी
संगोष्ठी में भारत सरकार की स्टार्टअप पहल, उद्यम पंजीयन, निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों तथा पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई। किसान उत्पादक संगठनों को अपनी पात्रता के अनुसार नई व्यावसायिक संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
आठ हजार से अधिक किसान उत्पादक संगठनों तक पहुंचा तेजस्वी किसान मार्ट का संपर्क नेटवर्क
कार्यक्रम में तेजस्वी किसान मार्ट की स्थापना एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसकी शुरुआत वर्ष 2022 में तेजस्वी संगठन न्यास एवं यूनिवर्सल सोनांचल फार्मर एसोसिएशन के सामूहिक प्रयासों से हुई थी। संस्था के अनुसार, इसका संपर्क नेटवर्क देशभर में आठ हजार से अधिक किसान उत्पादक संगठनों एवं कंपनियों तक पहुंच चुका है। चार राज्यों में दस प्रारंभिक स्टोर स्थापित करने की पहल तथा सौ से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
तेजस्वी किसान मार्ट का उद्देश्य केवल दुकानों का संचालन करना नहीं, बल्कि किसान, किसान उत्पादक कंपनी, स्वयं सहायता समूह, निर्माता, प्रसंस्करण इकाई, वितरक, व्यापारी और खरीदार को एक साझा व्यावसायिक व्यवस्था से जोड़ना है।
प्रत्येक जनपद में सहयोगी संस्थाओं एवं वितरकों का बनेगा नेटवर्क
आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में सहयोगी संस्थाओं का नेटवर्क, जिला एवं विकासखंड स्तर पर कृषि सामग्री वितरक व्यवस्था, किसान उत्पादों की नियमित आपूर्ति, एक जनपद–एक दुकान, ग्रामीण दुकान एवं फ्रेंचाइजी विस्तार, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और ब्रांड निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर खरीदार एवं विक्रेता संपर्क व्यवस्था विकसित कर किसान उत्पादक संगठनों को सीधे बाजार से जोड़ने की योजना है।
किसान उत्पादक कंपनियों को सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए बारह दिवसीय प्रशिक्षण एवं बारह माह का धरातलीय क्रियान्वयन तथा संस्था पुनर्जीवन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इच्छुक संस्थाओं को अपने नियमित आपूर्ति योग्य उत्पादों, खरीद की आवश्यकताओं एवं व्यावसायिक प्रस्तावों के साथ जुड़ने का आमंत्रण दिया गया।
अनेक किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
संगोष्ठी में भांडेर सोहन एग्रो फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक चंद्र प्रकाश कौरव, डबरा जैविक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक संतोष पटेल, आरोग्य समाधान फूड प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से दिलीप सिंह राठौर एवं सी.के. चौबे, तथा हरिओम शर्मा, आदर्श सिंह परमार एवं भगवान सिंह परमार ने सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त सिद्धबाबा कृषक उत्पादक संगठन सहकारी समिति लिमिटेड, कुंभराज एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से प्रकाश, महगांव क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, मानभूम फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड तथा ऑर्गोनेक्स्ट लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अन्य प्रतिभागियों में आनंद, कमलेश, हर्षवीर सिंह, शैलेश एवं विजेंद्र शामिल रहे।
ई. प्रकाश पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे अपनी संस्थाओं को केवल कागजी गतिविधियों तक सीमित न रखें, बल्कि किसानों को वास्तविक व्यावसायिक लाभ दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
संगोष्ठी का मूल संदेश रहा कि किसान केवल उत्पादक ही नहीं, बल्कि अपने उत्पादों के निर्माता, ब्रांड निर्माता, विक्रेता और व्यापारी भी बनें। तेजस्वी किसान मार्ट इसी सोच के साथ गांव के उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने तथा प्रत्येक किसान को व्यापारिक अवसरों से जोड़ने के लिए प्रयासरत है।
तेजस्वी किसान मार्ट का संकल्प — हर किसान बने व्यापारी, खेत से रसोई तक, गांव से वैश्विक बाजार तक।









