
सोनभद्र। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र ने रॉबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी में हुए अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों को तत्काल राहत एवं उचित मुआवजा दिलाने की माँग की है।
संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल, मुख्य प्रभारी संरक्षक हाजी सलीम हुसैन एवं जिला उपाध्यक्ष गोपी सोनकर ने पीड़ित व्यापारियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से अग्निकांड की निष्पक्ष जाँच कराने, संबंधित CCTV फुटेज सुरक्षित रखकर जाँच में शामिल करने तथा नुकसान का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराने की माँग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि पात्र व्यापारियों को मंडी अग्निकांड सहायता योजना के अंतर्गत नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाए। साथ ही, अतिरिक्त राहत की संभावनाओं पर विचार करने, बीमा दावों एवं नष्ट हुए दस्तावेजों के पुनर्निर्माण में सहयोग देने और प्रभावित व्यापारियों को कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए सुरक्षित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
गोपी सोनकर जी ने भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, पीड़ित परिवारों की आजीविका बहाल कराने तथा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। संगठन ने मंडी समिति के जिम्मेदार अधिकारियों की बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की माँग की।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन से सभी राहत संबंधी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर पीड़ित व्यापारियों को न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।










