रामप्रवेश गुप्ता

राजकीय आईटीआई नक्टू में चला साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान ।।
बीजपुर (सोनभद्र) महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गुरुवार को बीजपुर पुलिस ने राजकीय आईटीआई कॉलेज, नक्टू में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही डिजिटल दुनिया में सतर्क रहकर साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए।
15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में बीजपुर थाने की मिशन शक्ति टीम एवं साइबर कर्मियों ने कॉलेज पहुंचकर छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान मीडिया सेल से उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन का लाइव ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम प्रोजेक्टर पर दिखाया गया। इसमें लघु फिल्म के माध्यम से साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
अभियान में उपनिरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, कांस्टेबल सरोज अमितकुमार श्रीकृष्ण, कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुप्ता तथा महिला कांस्टेबल सुनैना सहित बीजपुर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।










