ओमप्रकाश गुप्ता

मारकुंडी, सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित बैरहवा टोले में रविवार सुबह करीब 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में हड़कंप मच गया। महिला का शव उसके घर के अंदर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मलोरमा देवी पत्नी श्यामसुंदर रविवार सुबह अपने घर में मृत अवस्था में मिलीं। उनका पुत्र सुनील घर पहुंचा तो अंदर मां को मृत देखकर उसने तत्काल चोपन पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों की ओर से मौत को लेकर संदेह जताया गया है, जबकि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










