रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोमवार को बीजपुर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी किया। टीम ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों से करीब 35 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ लगभग 500 किलोग्राम लहन नष्ट कराया और दो अवैध शराब भट्टियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर प्रभार तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 (दुद्धी) रविनंदन के नेतृत्व में आबकारी टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नेमना, डोडहर, बीजपुर स्वीपर बस्ती तथा एनटीपीसी गेट के पीछे स्थित संदिग्ध घरों, झुग्गी-झोपड़ियों एवं अन्य स्थानों पर दबिश दिया।
दबिश के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब और भारी मात्रा में लहन बरामद हुआ। टीम ने मौके पर ही दोनों अवैध भट्टियों को नष्ट कराया तथा करीब 500 किलोग्राम लहन को नष्ट कर दिया। मामले में दो अभियोग दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
शराब दुकानों की हुई रूटीन जांच
कार्रवाई के साथ आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों की रूटीन जांच भी किया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का सत्यापन करते हुए स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई और अभिलेखों में दर्ज स्टॉक तथा मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही बिक्री व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की भी जांच की गई।
इसके अलावा टीम ने चखना की दुकानों पर भी दबिश एवं जांच की कार्रवाई किया । ग्रामीणों को अवैध एवं जहरीली शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। आबकारी विभाग की व्यापक कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।










