
लोकतंत्र सेनानी रहे योगेश शेखर को सातवीं पुण्यतिथि पर कवियों ने किया याद
सोंनभद्र । जनपद के लोकतंत्र सेनानी, प्रखर समाजसेवी, पत्रकार और साहित्यकार तथा सोन साहित्य संगम सोनभद्र के संस्थापक निदेशक रहे स्वर्गीय योगेश शुक्ला उर्फ योगेश शेखर जी की सातवीं पुण्यतिथि पर उनके निज आवास "योगीताश्रम" में श्रद्धाजंलि सभा एवं विचार/काव्य गोष्ठी आयोजित कर उन्हें याद किया गया। इस दौरान सोन साहित्य संगम के तत्वाधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं कवि गोष्ठी में सर्वप्रथम स्मृति शेष योगेश शेखर जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर उन्हें शत-शत नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रामनाथ शिवेंद्र ने किया एवम संचालन सोन साहित्य संगम के संयोजक अधिवक्ता राकेश शरण मिश्र ने किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवा निवृत शिक्षक वरिष्ठ साहित्यकार ओम प्रकाश त्रिपाठी जी एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में वरिष्ठ कवि दिवाकर द्विवेदी मेघ विजयगढ़ी, कवि अशोक तिवारी, शहीद स्थल प्रबंध ट्रस्ट करारी के निदेशक प्रदुम्न त्रिपाठी उपस्थित रहे। इसके अलावा कवि धर्मेश चौहान, कवि दयानंद दयालु, कांग्रेस पार्टी के एन एस यू आई के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राघवेंद्र नारायण, सेवा निवृत न्यायिक कर्मचारी सुबोध दुबे, कवियत्री कौशल्या कुमारी चौहान उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों एवं अतिथियों द्वारा अपने अपने विचारों से काव्य पाठ से स्मृति शेष योगेश शुक्ला जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। योगेश जी की स्मृति में उनके पुत्रों द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कथाकार रामनाथ शिवेंद्र को माला,स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कवियों ने अपने सुंदर काब्य पाठ से उपस्थित अतिथियों को काब्य रस में सराबोर कर दिया। वही मुख्य अतिथि ओम प्रकाश त्रिपाठी ने योगेश शुक्ला के साथ बिताए गए समय को याद करते हुए उन्हें विशाल ब्यक्तित्व का स्वामी बताया। अध्यक्षता कर रहे रामनाथ शिवेन्द्र ने कहा कि योगेश जी पूर्ण मनुष्य थे और उन्हें शब्दो मे या कविताओं में नही बांधा जा सकता। कांग्रेस नेता राघवेंद्र नारायण ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान समाज सेवी,बेमिसाल ब्यक्तित्व का स्वामी बताया।
कार्यक्रम के अंत में स्मृति शेष योगेश शुक्ला जी के दोनों पुत्रों वरुण शुक्ला एवं व्योमेश शुक्ला ने आए हुए सभी अतिथियों एवं कवियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनीष पांडे , सुरेश शुक्ला,वरुण शुक्ला,विंध्याचल सोनी , संजय गुप्ता ,दिनेश विजय पांडे निलेश पांडे एवम नगर के अनेकों संभ्रांत लोग उपस्थित थे।










