बूथ-सेक्टर स्तर पर संगठन मजबूत करने की बनी रणनीति, 13 सितंबर को अनुप्रिया पटेल के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों पर भी चर्चा

बीजपुर (सोनभद्र)। अपना दल (एस) की विधानसभा स्तरीय बैठक गुरुवार को जरहां न्याय पंचायत स्थित अजीरेश्वर धाम मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ एवं सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बूथ अध्यक्ष एवं सेक्टर अध्यक्षों के गठन सहित संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए। वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।
इस दौरान 13 सितंबर को अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रस्तावित आगमन को लेकर भी तैयारियों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जुटने की अपील की।
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल, राम सुरेश कुशवाहा, गुड्डू, राम बरन, सुधीर, जय सिंह, विजय कुमार, सिद्धार्थ गुप्ता, अमित कुमार, अशफाक समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।










