रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र) श्रावण शिवरात्रि के पावन अवसर पर रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड के पाठ से हुई। इसके उपरांत मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी ने विधि-विधानपूर्वक रिहंदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया। मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न कराया। रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जीसी साहू, आरएन वर्मा, निशांत कमल, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अनुराग प्रकाश, महासचिव प्रमोद दुबे, शशांक मालवीय, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, एसकेबी पाठक, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडेय, सोनी पांडेय, अनीता पाठक, हर्षिता उपाध्याय, आरती कुमारी, शशी श्रीवास्तव, भीष्म सिंह, भारत भूषण, पंडित विजय दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अनंत मोहन ने बताया कि पूरे श्रावण मास में रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तीन अगस्त से प्रतिदिन प्रातःकाल डीएवी स्कूल के निकट टीटीएस स्थित शिव मंदिर से श्रद्धालु कांवड़ में जल लेकर रिहंदेश्वर धाम पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं।
जलाभिषेक अभियान में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। शाम को महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन एवं ‘ॐ नमः शिवाय’ महामंत्र का जाप किया जाता है। इसके बाद रिहंदेश्वर महादेव का मनोहारी श्रृंगार, शयन आरती और प्रसाद वितरण किया जाता है।
श्रावण मास में लगातार हो रहे धार्मिक आयोजनों से रिहंदेश्वर धाम का वातावरण पूरी तरह शिवमय एवं भक्तिमय बना हुआ है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से सावन मास के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।









