
सोनभद्र। जिला उद्योग बंधु की बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल एवं मुख्य प्रभारी संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने जनपद के औद्योगिक विकास में स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सोनभद्र में सीमेंट उद्योग, विद्युत उत्पादन, कोयला खनन, बालू खनन एवं अन्य औद्योगिक गतिविधियां बड़े स्तर पर संचालित हो रही हैं। चुर्क स्थित डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड से संबंधित सीमेंट इकाई तथा अडानी समूह से संबंधित विद्युत परियोजना सहित जनपद में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। इसके बावजूद स्थानीय छोटे व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, ठेकेदारों एवं लघु उद्यमियों को अपेक्षित व्यापारिक अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल एवं मुख्य प्रभारी संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने मांग की कि एनसीएल, एनटीपीसी, अनपरा, ओबरा, रिहंद, चुर्क एवं रेनुकूट के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों के प्रबंधन के साथ जिला प्रशासन की अध्यक्षता में व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित कराई जाए। स्थानीय व्यापारियों को औद्योगिक इकाइयों में सामान एवं सेवाओं की आपूर्ति, परिवहन, मरम्मत, ठेके तथा अन्य वैध व्यावसायिक गतिविधियों में अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उद्योगों का विरोध नहीं करता, बल्कि चाहता है कि सोनभद्र में होने वाले औद्योगिक विकास का लाभ स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों एवं युवाओं तक भी पहुंचे। उद्योगों की प्रगति के साथ स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलना जनपद की आर्थिक समृद्धि के लिए आवश्यक है।
संगठन ने जिलाधिकारी महोदय से ज्ञापन में उठाए गए विषयों को जिला उद्योग बंधु की बैठक के कार्यवृत्त में शामिल कराकर संबंधित विभागों एवं औद्योगिक संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कराने का अनुरोध किया है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र









