रामप्रवेश गुप्ता

बीजपुर (सोनभद्र)।वैढ़न-बीजपुर बाईपास मार्ग पर गुरुवार की देर शाम राख से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया है। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर एनटीपीसी रिहंद के ऐश डाइक से राख लोड कर गंतव्य की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन वैढ़न-बीजपुर बाईपास मार्ग स्थित शांति नगर में भगवान दास यादव के घर के समीप पहुंचा अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और भारी-भरकम ट्रेलर पलट गया।दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना संबंधित प्रशासन को दे दी गई है।









